बलिया में पेट्रोल-डीजल और गैस की नहीं है कमी, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: डीएम

MAHARSHI TIMES
0

पेट्रोल-डीजल व एलपीजी आपूर्ति को लेकर डीएम की समीक्षा बैठक, कालाबाजारी पर सख्ती के निर्देश

महर्षि टाइम्स 

बलिया। जनपद में पेट्रोलियम पदार्थों जैसे पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को विकास भवन सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने बैठक में स्पष्ट कहा कि जनपद में पेट्रोल, डीजल और गैस की किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है। उन्होंने सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर कड़ी नजर रखने और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डीएम ने गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों से कहा कि वे लोगों को जागरूक करें और गैस बुकिंग के लिए शासन द्वारा निर्धारित समय अंतराल की जानकारी उपभोक्ताओं तक पहुंचाएं। उन्होंने निर्देश दिया कि गैस बुकिंग से पहले यह सुनिश्चित किया जाए कि उपभोक्ता ने हाल ही में सिलेंडर बुक तो नहीं कराया है, ताकि किसी प्रकार की कालाबाजारी या अनियमितता न हो। उन्होंने पेट्रोल पंप संचालकों को भी निर्देशित किया कि पेट्रोल और डीजल केवल वाहनों में ही दिया जाए, किसी भी प्रकार के ड्रम या कंटेनर में ईंधन न दिया जाए, क्योंकि इससे अफवाहें फैलने की आशंका रहती है। बैठक के दौरान गैस एजेंसियों से सप्लाई की स्थिति के बारे में जानकारी ली गई, जिस पर सभी एजेंसियों ने बताया कि गैस कीआपूर्ति सामान्य रूप से हो रही है। जिलाधिकारी ने कहा कि होम डिलीवरी व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाए और जरूरतमंद उपभोक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए। जनपद में कुल 54 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं और सभी स्थानों पर पर्याप्त गैस उपलब्ध है। उन्होंने एजेंसी संचालकों को निर्देश दिया कि वे अपने उपभोक्ताओं को मैसेज के माध्यम से गैस की उपलब्धता और कीमत की जानकारी दें, ताकि लोगों के मन में किसी प्रकार का भ्रम न रहे। डीएम ने यह भी कहा कि एजेंसी संचालक अपने-अपने क्षेत्र के थानाध्यक्ष और एसडीएम के संपर्क में रहें तथा जहां होम डिलीवरी में समस्या आ रही है, वहां प्रशासन और पुलिस की मदद से व्यवस्था सुनिश्चित करें। साथ ही सुबह के समय अधिक से अधिक होम डिलीवरी करने के निर्देश दिए। कमर्शियल गैस सिलेंडरों में किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग पर भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा विभाग से मिड डे मील के लिए गैस की उपलब्धता के बारे में भी जानकारी ली और निर्देश दिया कि किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि गैस बुकिंग के लिए ‘इंडियन ऑयल वन’ ऐप का उपयोग किया जा सकता है। यदि सर्वर में कोई समस्या आती है तो उसे शीघ्र ठीक किए जाने की संभावना है। नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन द्वारा कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर नागरिक कंट्रोल रूम नंबर 05498-220832 और 05498-220235 पर 24 घंटे संपर्क कर सकते हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी गैस एजेंसियों पर कंट्रोल रूम का नंबर स्पष्ट रूप से लिखा होना चाहिए तथा गैस सिलेंडर की डिलीवरी ओटीपी के माध्यम से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और लोगों तक सही जानकारी पहुंचाएं। बैठक में पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, सीडीओ ओजस्वी राज, गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि, संबंधित अधिकारी और विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Post a Comment (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top