शैलेश सिंह
बैरिया, बलिया। लोकनायक जयप्रकाश के गाँव जेपीनगर(दलजीत टोला) में आयोजित आठ दिवसीय श्री हनुमत प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ के तीसरे दिन रविवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। पूरे गांव में आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण रहा। वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ नवनिर्मित श्री हनुमान जी की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई। सुबह से ही यज्ञ मंडप में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। आचार्यों और विद्वान पंडितों ने वेद मंत्रों के उच्चारण के साथ हवन-पूजन एवं विशेष अनुष्ठान कराए। धार्मिक अनुष्ठानों के बाद आकर्षक झांकियों और गाजे-बाजे के साथ श्री हनुमान जी की प्रतिमा का भव्य नगर भ्रमण कराया गया। नगर भ्रमण के दौरान पूरा गांव भक्तिमय रंग में रंग गया। “जय श्री राम” और “बजरंगबली की जय” के जयकारों से वातावरण गुंजायमान होता रहा। श्रद्धालु पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत करते नजर आए। प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर महिलाओं ने मंगलगीत गाकर माहौल को और भी पावन बना दिया, वहीं युवाओं ने बढ़-चढ़कर आयोजन की व्यवस्थाओं में सहयोग किया। गांव के बुजुर्गों ने इसे ऐतिहासिक और यादगार क्षण बताया। कार्यक्रम के मुख्य आयोजक समाजसेवी रामबाबू यादव "राम" " ने बताया कि इस आठ दिवसीय महायज्ञ के तहत 3 मार्च से संकीर्तन समारोह व 6 मार्च को विशाल भंडारे के साथ-साथ विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम, प्रवचन आदि और भंडारे का आयोजन भी आयोजन किया गया है । उन्होंने कहा कि इस धार्मिक अनुष्ठान का उद्देश्य गांव में आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक एकता को मजबूत करना है।


