प्रदीप कुमार पाण्डेय
गाजीपुर। जनपद के मुहम्मदाबाद थाना कोतवाली क्षेत्र के शाहनिंदा में स्थित श्री संकट मोचन नया हनुमान मंदिर में पावन स्थापना महोत्सव 14 दिसंबर, रविवार को अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में मनाया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर परिसर में भक्ति से ओतप्रोत धार्मिक अनुष्ठानों की भव्य तैयारी की गई है, जिससे समूचा क्षेत्र रामनाम और हनुमान भक्ति से गूंज उठेगा।
स्थापना महोत्सव की शुरुआत शनिवार 13 दिसंबर से ही मंदिर परिसर में अखंड “सीताराम” नाम संकीर्तन के साथ हो चुकी है। निरंतर हो रहे इस नाम जप से वातावरण पूर्णतः भक्तिमय बन गया है और श्रद्धालु बड़ी संख्या में सहभागी बनकर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।
मंदिर के पुजारी श्री श्री 108 श्री स्वामी सदानंद दास जी महाराज ने जानकारी देते हुए बताया कि स्थापना दिवस के दिन विधि-विधान से हवन-पूजन संपन्न कराया जाएगा। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के लिए विशाल सार्वजनिक भंडारे का आयोजन किया जाएगा, वहीं संत-महात्माओं को आदरपूर्वक प्रसाद वितरण भी किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस पावन अवसर पर दूर-दराज़ से संत-महात्माओं का आगमन होता है, जो हरि कीर्तन में सहभागिता कर वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण कर देते हैं। भक्तगण संकट मोचन हनुमान जी का दर्शन-पूजन कर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति हेतु प्रार्थना करते हैं और प्रभु का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।
स्थापना महोत्सव को लेकर पूरे क्षेत्र में विशेष उत्साह और भक्ति का माहौल बना हुआ है। श्रद्धालुजन बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन, कीर्तन और भंडारे में सम्मिलित होकर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे।
