आरएसएस की शताब्दी वर्ष को लेकर तैयारियां तेज, जनजागरण के लिए निकाले जाएंगे जुलूस।
महर्षि टाइम्स
चितबड़ागांव बलिया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर स्थानीय रामलीला मैदान में आगामी 28 दिसंबर को विराट हिन्दू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन को लेकर क्षेत्र में व्यापक उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन की जानकारी देते हुए सम्मेलन के संयोजक मोतीचंद गुप्ता एवं नगर पंचायत चितबड़ागांव के चेयरमैन एवं कार्यक्रम के अध्यक्ष अमरजीत सिंह ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तैयारियां चरणबद्ध और सुव्यवस्थित ढंग से की जा रही हैं।आयोजकों ने बताया कि सम्मेलन की शुरुआत 14 दिसंबर को सुबह 11 बजे भूमि पूजन कार्यक्रम के साथ होगी। इसके बाद जनमानस को कार्यक्रम से जोड़ने और अधिक से अधिक लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से 24 दिसंबर को मोटरसाइकिल जुलूस निकाला जाएगा। वहीं 26 दिसंबर को मशाल जुलूस का आयोजन किया जाएगा, जबकि 27 दिसंबर को डोर-टू-डोर संपर्क अभियान चलाकर नागरिकों से सम्मेलन में सहभागिता की अपील की जाएगी।
आयोजकों के अनुसार 28 दिसंबर को होने वाले विराट हिन्दू सम्मेलन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक रमेश जी, भुडुकूड़ा मठ के पीठाधीश्वर सहित अनेक जन-गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे। सम्मेलन के माध्यम से समाज में संगठनात्मक एकता और सांस्कृतिक चेतना को सशक्त करने का संदेश दिया जाएगा।विराट हिन्दू सम्मेलन को लेकर कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में तैयारियां जोरों पर हैं और आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए कार्यकर्ता जुटे हुए हैं।

