महर्षि टाइम्स
बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो संजीत कुमार गुप्ता के संरक्षण और चीफ प्राक्टर डाक्टर प्रियंका सिंह के निर्देशन में सप्तम दीक्षांत समारोह के उपलक्ष्य में सामाजिक उत्तरदायित्व एवं मानव कल्याण की दिशा में समाजशास्त्र विभाग एवं गृह विज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वाधान में चल रहे एक सप्ताह के जागरूकता अभियान के अंतर्गत आज चौथे दिन विश्वविद्यालय के समाजशास्त्र एवं गृहविज्ञान विभाग के छात्र छात्राओ द्वारा मासिक धर्म से सम्बन्धित स्वच्छता एवं अत्यधिक रक्तस्राव से होने वाली समस्याओं पर आधारित नुक्कड़ नाटक विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए हुए गांव ‘ बसन्तपुर’ में हुआ। आज के इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जागरूकता फैलाने का एक सशक्त माध्यम नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामवासियों को प्रत्यक्ष रूप से संदेश पहुंचना था ताकि वो मासिक धर्म से संबंधित अंध विश्वासो एवं मासिक धर्म के दौरान होने वाली कठिनाइयों को सरलता से समझ सके। नुक्कड़ नाटक के द्वारा विश्व विद्यालय के छात्रों ने बहुत ही संवेदनशील और महत्वपूर्ण जानकारियों को ग्रामवासियों के साथ साझा किया। मासिक धर्म के दौरान पैड का ही उपयोग किया जाय, यदि पैड का उपयोग नहीं कर पा रहे हैं तो साफ धुला हुआ, धूप में सूखा हुआ कपड़ा ही उपयोग करें। उपयोग किए हुए पैड के निस्तारण की विधि भी नाटक के माध्यम से ग्राम वासियों को बताया गया। अत्यधिक रक्तस्राव से होने वाली समस्याओं एवं उसके निवारण भी नुक्कड़ नाटक के प्रस्तुतीकरण का भाग रहा। नुक्कड नाटक के पश्चात छात्र छात्राओ के द्वारा मासिक धर्म में स्वच्छता, एनीमिया से रोकथाम के उपाय, प्रेग्नेंसी से डिलीवरी तक सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रहीं सेवाएं, गर्भावस्था में आहार, गर्भावस्था में खतरे के संकेत आदि पर आधारित पेम्प्लेट्स वितरण किए गए। आज के कार्यक्रम का संयोजन एवं क्रियान्वयन डॉ. स्मिता एवं डॉ. संध्या की देख रेख में हुआ ।




