महिलाओं को दी गई योजनाओं की जानकारी
रजनीश श्रीवास्तव
सिकन्दर पुर (बलिया) - प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर शुरू हुए स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार अभियान के अंतर्गत बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकन्दर पुर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता दी गई और सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आदर्श नगर पंचायत सिकन्दर पुर के चेयरमैन प्रतिनिधि संजय जायसवाल रहे। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार महिलाओं व बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर लगातार गंभीर है। मातृ वंदना योजना, आयुष्मान भारत, पोषण अभियान और एनीमिया मुक्त भारत जैसे कार्यक्रम इसी दिशा में बड़े कदम हैं। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना और उन्हें नियमित जांच व उपचार के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक दिग्विजय कुमार, बघुड़ी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक चन्दन बिसेन, चिकित्सक संदीप गुप्ता, राजेश आर्य, पुष्कर राय सहित अन्य चिकित्सक मौजूद रहे। हालांकि इस अवसर पर किसी प्रकार की चिकित्सीय जांच नहीं की गई। मंच से केवल महिलाओं को जागरूक किया गया तथा विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के लाभ और प्रक्रिया के बारे में बताया गया। अधीक्षक दिग्विजय कुमार ने कहा कि सरकार की मंशा है कि हर महिला समय-समय पर जांच कराए और गंभीर बीमारियों से बचाव कर सके। साथ ही उन्होंने मातृ वंदना योजना, जननी सुरक्षा योजना, टीबी नियंत्रण कार्यक्रम, नि:शुल्क टीकाकरण और पोषण अभियान की जानकारी उपस्थित महिलाओं से साझा की। भाजपा नेता प्रयाग चौहान, सत्येन्द्र राजभर, आकाश तिवारी, उमेश चन्द, जितेंद्र सोनी, प्रमोद गुप्ता, लाल बचन, प्रकाश सिंह, रविन्द्र वर्मा समेत अनेक नगरवासी भी इस अवसर पर मौजूद रहे। नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने स्वास्थ्य और स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने का कार्य किया है और यह अभियान उसी का हिस्सा है। चेयरमैन प्रतिनिधि संजय जायसवाल ने कहा कि महिलाएं स्वस्थ होंगी तो परिवार और समाज दोनों सशक्त होंगे। उन्होंने आह्वान किया कि अधिक से अधिक लोग सरकारी योजनाओं का लाभ लें और अपने परिवार को बेहतर स्वास्थ्य दें।

