भारत बनेगा तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था सशक्त शासक से विकसित हुआ राष्ट्र- विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी
महर्षि टाइम्स
बलिया । जनपद के जीरा बस्ती स्थित भाजपा कार्यालय में शनिवार को सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत प्रबुद्ध सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि देवरिया विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि सशक्त शासक ही विकसित राष्ट्र का निर्माता होता है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के पहले देश के प्रधानमंत्री खुद को असहाय महसूस करते थे। आज आतंकवाद को बढ़ावा देने वाला देश संयुक्त राष्ट्र संघ में गिड़गिड़ाने को मजबूर है। डॉ. त्रिपाठी ने राम मंदिर का जिक्र करते हुए कहा कि भगवान राम का घर खोजने में पांच सौ साल लगे। अब सशक्त शासक आने से भगवान का घर सुरक्षित हो गया। भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में हर तरफ विकास दिख रहा है। उन्होंने कहा कि यह सनातन प्रेमियों का स्वर्णिम काल है। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर वंदे मातरम् गीत के साथ हुआ। विधायक ने कश्मीर से धारा 370 हटाने, जनधन योजना और अंत्योदय योजना का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। वर्ष 2026 तक तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। कार्यक्रम में महिला आयोग सदस्य सुनीता श्रीवास्तव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
