संवाददाता / हिमांशु दुबे
हल्दी, बलिया । हल्दी थाना पुलिस ने स्कूल के गोदाम से चोरी किए गए मक्के के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बृहस्पतिवार की सुबह बसुधरपाह चौकी इंचार्ज शिवप्रकाश पाठक अपनी टीम के साथ हल्दी तिराहे पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि राज गुरुकुल स्कूल के गोदाम से चोरी किए गए दो बोरी मक्के के साथ तीन व्यक्ति हल्दी सहतवार रोड पर निर्माणाधीन ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे के पास खड़े हैं। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर तीनों आरोपियों को घेर लिया। पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम मिथिलेश यादव (22), छोटक गुप्ता उर्फ कुश गुप्ता (21) और विशाल यादव (35) बताया। तीनों हल्दी थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया। यह कार्रवाई एसपी ओमवीर सिंह के निर्देश पर चल रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई।
