महर्षि टाइम्स
चितबड़ागांव बलिया। केंद्र सरकार द्वारा व्यापारियों के हित में की गई वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) दरों में कटौती के बाद भारतीय जनता पार्टी ने व्यापारी वर्ग से सीधा संवाद अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में बुधवार को नगर पंचायत चितबड़ागांव में राज्यसभा सांसद नीरज शेखर ने स्थानीय दुकानदारों से भेंट कर संवाद किया।सांसद नीरज शेखर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने हमेशा व्यापारियों और आम नागरिकों के हितों को प्राथमिकता दी है। हाल ही में जीएसटी में की गई कटौती से अब कपड़ा, जूते-चप्पल, दैनिक उपयोग की वस्तुएँ तथा छोटे कारोबारियों द्वारा बेचे जाने वाले उत्पाद पहले की तुलना में सस्ते हो गए हैं। इसका सीधा लाभ उपभोक्ताओं के साथ-साथ व्यापारियों को भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस पहल से व्यापार को और अधिक सरल एवं सहज बनाया जा सकेगा।उन्होंने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संकल्प है—नयी पीढ़ी का जीएसटी (अगली पीढ़ी का कर तंत्र), जिसके माध्यम से आसान व्यापार, मजबूत भारत और घर-घर स्वदेशी की परिकल्पना को साकार किया जाएगा। सांसद ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय व्यापारी वर्ग को राहत देने के साथ ही आर्थिक गतिविधियों को भी गति प्रदान करेगा।इस अवसर पर नगर पंचायत चेयरमैन अमरजीत सिंह ने भी व्यापारियों से संवाद करते हुए कहा कि जीएसटी दरों में कमी का निर्णय ऐतिहासिक है। इससे न केवल व्यापार को गति मिलेगी बल्कि छोटे दुकानदारों को विशेष राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार लगातार आमजन और व्यापारी वर्ग की परेशानियों को दूर करने के लिए ठोस कदम उठा रही है।
कार्यक्रम में पूर्व चेयरमैन अभिराम सिंह दारा, मंडल अध्यक्ष मोती चन्द गुप्ता, राजू सिंह, प्रमोद सिंह, अभिषेक तिवारी, रोहित उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में व्यापारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने सरकार द्वारा की गई इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे कारोबार को मजबूती मिलेगी और उपभोक्ताओं को भी सीधा लाभ मिलेगा।



