महर्षि टाइम्स
चितबड़ागांव बलिया। केंद्र सरकार द्वारा व्यापारियों के हित में वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) की दरों में की गई कटौती को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संवाद अभियान की शुरुआत की है। इसी क्रम में गुरुवार को नगर पंचायत कार्यालय परिसर में संवाद कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री उपेन्द्र तिवारी ने सबसे पहले पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।पूर्व मंत्री ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने सदैव “अंत्योदय”—समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण—की बात की। उनकी विचारधारा से प्रेरित होकर केंद्र सरकार व्यापारियों और आम नागरिकों के हित में ठोस निर्णय ले रही है। हाल ही में जीएसटी दरों में की गई कटौती उसी दिशा का हिस्सा है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने व्यापारियों को राहत देने का ऐतिहासिक कदम उठाया है। अब कपड़ा, जूते-चप्पल, दैनिक उपयोग की वस्तुएँ तथा छोटे कारोबारियों के उत्पाद सस्ते हो गए हैं, जिससे उपभोक्ताओं और व्यापारियों दोनों को सीधा लाभ मिलेगा। भाजपा का संकल्प है
“अगली पीढ़ी का जीएसटी”—जिससे व्यापार और अधिक सरल, पारदर्शी एवं सहज बनेगा। यह पहल “आसान व्यापार, मजबूत भारत और घर-घर स्वदेशी” के संकल्प को साकार करने में सहायक होगी।इस अवसर पर नगर पंचायत चेयरमैन अमरजीत सिंह ने कहा कि जीएसटी दरों में कमी ऐतिहासिक निर्णय है। इससे व्यापार को नई ऊर्जा और छोटे दुकानदारों को विशेष राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार लगातार आमजन और व्यापारी वर्ग की परेशानियों को दूर करने के लिए ठोस कदम उठा रही है।कार्यक्रम में सर्वानंद तिवारी, परमानंद पांडेय, रोहित राजभर, मुनीब राजभर, मनोज राम समेत बड़ी संख्या में व्यापारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर से सरकार के इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि जीएसटी कटौती से कारोबार मजबूत होगा और उपभोक्ताओं को सीधे लाभ का अनुभव मिलेगा।








