जिला कलेक्ट्रेट समेत कई इलाकों में पानी भरा
संवाददाता / हिमांशु दुबे
बलिया । शुक्रवार दोपहर को हुई एक घंटे की बारिश ने नगर पालिका परिषद की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। शहर की अधिकांश सड़कें जलमग्न हो गईं। जिला कलेक्ट्रेट, बहादुरपुर, तिखमपुर और मालगोदाम रोड समेत कई इलाकों में पानी भर गया। बारिश से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। जिले का तापमान गिरकर अधिकतम 33 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। बारिश से उमस भरी गर्मी से कुछ देर राहत मिली, लेकिन बारिश रुकते ही धूप निकल आई और उमस फिर बढ़ गई। बारिश के दौरान कुछ लोग छाता लेकर चलते दिखे तो कुछ बारिश का आनंद लेते नजर आए। कई लोग बारिश से बचने के लिए दुकानों और छज्जों में शरण लेते दिखे। बाइक सवार युवा बारिश में भीगते हुए सवारी करते रहे। ग्रामीण क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है।
