पुलिया की सफाई न होने से ग्रामीणों में आक्रोश, उपजिलाधिकारी ने दिलाया समाधान का भरोसा।
महर्षि टाइम्स
बैरिया (बलिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत नई बस्ती बकुल्हा गांव के ग्रामीणों ने तरशोत के पानी से लगातार हो रही जलभराव की समस्या को लेकर सोमवार को ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे के चाँददीयर चौराहे के समीप स्थित पुलिया पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिया की सफाई न होने से क्षुब्ध ग्रामीणों महिलाओं और पुरुषों की भारी संख्या ने एनएच-31 को जाम करने की चेतावनी देते हुए नारेबाजी की।
गौरतलब है कि नई बस्ती बकुल्हा गांव पहले से ही तरशोत के पानी से प्रभावित रहा है। गांव के पानी की निकासी चाँददीयर चौराहे के समीप स्थित एक पुरानी पुलिया से होती थी। लेकिन जब एनएच-31 के ठेकहां गांव मोड़ से मांझी घाट तक ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे के निर्माण कार्य के अंतर्गत इस मार्ग को जोड़ा गया, तब निर्माणदायी संस्था द्वारा उक्त पुलिया को बंद कर दिया गया। इससे अब पूरे गांव में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है और कई घरों के भीतर भी पानी घुस चुका है। इस समस्या को लेकर 7 सितंबर को ही दर्जनों ग्रामीणों ने चाँददीयर पुलिस चौकी प्रभारी श्याम प्रकाश मिश्रा को एक पत्रक सौंपते हुए तीन दिन के भीतर पुलिया की सफाई की मांग की थी, साथ ही चेतावनी दी थी कि यदि कार्यवाही नहीं हुई तो वे चौथे दिन एनएच-31 पर धरना देंगे। लेकिन कार्यदायी संस्था की ओर से इस समस्या को गंभीरता से नहीं लिया गया।
धरने के दौरान स्थिति बिगड़ती देख, SDM बैरिया आलोक प्रताप सिंह ने त्वरित कार्यवाही करते हुए एनएचएआई के इंजीनियर शुद्धांशु सिंह को मौके पर बुलाया और ग्रामीणों के सामने वार्ता की। उन्होंने आश्वस्त किया कि पुलिया की सफाई का कार्य आज से ही शुरू कर दिया जाएगा और बहुत जल्द पानी निकासी की व्यवस्था बहाल होगी । उपजिलाधिकारी के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने विरोध समाप्त करते हुए एक पत्रक सौंपा और शांति पूर्वक वापस लौट गए। ज्ञापन सौंपने वालों में प्रधान प्रतिनिधि सुमेर कुमार यादव, प्रशांत यादव, रामबाबू यादव, विनोद गुप्ता, बिजेंद्र यादव, अमरनाथ यादव, विदेशी यादव, रविंद्र बिंद, बसंत चौधरी, राजेश चौधरी, राजेश यादव, राजू कुमार, मिथिलेश यादव, हरेराम यादव सहित दर्जनों ग्रामीण शामिल रहे।


