रजनीश श्रीवास्तव
सिकन्दर पुर (बलिया)। नगर के सिकन्दरपुर-मनियर मार्ग पर स्थित बस स्टेशन के पास शुक्रवार की रात करीब 8 बजे अज्ञात चोरों ने एक बाइक चोरी कर ली। चौंकाने वाली बात यह है कि वारदात स्थल 24 घंटे ड्यूटी वाले पुलिस बूथ से महज़ 100 मीटर की दूरी पर है और ठीक सामने शराब की दुकान भी स्थित है। ग्राम चेतन किशोर निवासी राजू प्रसाद शाह पुत्र भोली शंकर गुप्ता अपनी हीरो स्प्लेंडर प्लस (UP60 AF 8953) बाइक लेकर अपने दुकान आए थे। उन्होंने बाइक अपने दुकान के सामने खड़ा कर दुकान में ब्यस्त हो गया। कुछ देर बाद उनकी नजर बाइक पर पड़ी तो बाइक गायब थी। आसपास काफी खोजबीन करने पर भी कोई सुराग नहीं मिला। पीड़ित ने थाना सिकन्दरपुर में तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई और बाइक बरामदगी की मांग की है। स्थानीय लोगों ने कहा कि पुलिस बूथ पर 24 घंटे ड्यूटी रहने के बावजूद सामने से बाइक चोरी होना पुलिस की सक्रियता पर बड़ा सवाल है। इससे यह साफ झलकता है कि अपराधियों में पुलिस का खौफ़ नहीं रह गया है।
