महर्षि टाइम्स
रसड़ा। नागाजी सरस्वती विद्या मंदिर अखनपुरा रसड़ा बलिया में प्रांतीय समरसता विभाग की विशेष बैठक बुधवार को बड़े उत्साह और अनुशासन के साथ संपन्न हुई। बैठक के मुख्य अतिथि शिवाजी राय, क्षेत्रीय गतिविधि प्रमुख रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में राम सिंह, प्रदेश निरीक्षक, शिशु शिक्षा समिति, गोरक्ष प्रांत उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कन्हैया चौबे, संभाग निरीक्षक ने की। बैठक में शिक्षा के प्रचार-प्रसार, संस्कार केंद्रों के सशक्तिकरण, मकर संक्रांति सहभोज और सामाजिक समरसता निर्माण जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। सभी वक्ताओं ने एकमत से कहा कि संकल्प, समर्पण और अनुशासन ही प्रत्येक कार्य की सफलता के मूल स्तंभ हैं। मुख्य अतिथि शिवाजी राय ने कहा कि गतिविधियों के माध्यम से ही व्यक्ति और समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने परिवार, पड़ोसी, पाठशाला और समाज को व्यक्ति निर्माण की आधारशिला बताते हुए गुरु के महत्व को सर्वोच्च माना। विशिष्ट अतिथि राम सिंह ने पौराणिक कथाओं और पत्रों के माध्यम से समाज में समरसता और संस्कार जागरण को बढ़ावा देने का आह्वान किया।अध्यक्षता कर रहे कन्हैया चौबे ने कहा कि विद्यालय समाज में जाए और समाज विद्यालय में आए, तभी विद्यालय सामाजिक चेतना का केंद्र बन सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सामाजिक जागरूकता और शिक्षा के क्षेत्र में अधिक सक्रियता दिखाने का आह्वान किया।बैठक के अंत में शिक्षा और संस्कार जागरण के लिए सामूहिक संकल्प लिया गया।






