ओमप्रकाश वर्मा
नगरा बलिया आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान 50 वर्षीय वकील कुरैशी के रूप में हुई है।
वकील कुरैशी तरिया पोखरे के पास अपने खेत की देखभाल कर रहे थे। इस दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरी और वे इसकी चपेट में आ गए।
परिजन तत्काल उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नगरा ले गए।
चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि उमाशंकर राम समेत कई लोग मृतक के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
नायब तहसीलदार रसड़ा और हल्का लेखपाल ने भी मृतक के घर जाकर परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने घटना से जुड़ी आवश्यक जानकारी एकत्र की।
