नींद से उठी तो बोली- मुझे कुछ काट लिया है, परिजन हल्के में लिए; अब जिंदगी के लिए जूझ रही है छह साल की रोशनी
रजनीश श्रीवास्तव
सिकंदरपुर (बलिया) - नवानगर क्षेत्र के चांडी गांव में मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। घर में सो रही छह वर्षीय बच्ची रोशनी को सांप ने डस लिया। बच्ची ने नींद से उठने के बाद परिजनों से कहा भी कि उसे कुछ ने काट लिया है, लेकिन परिजनों ने उसकी बात को हल्के में ले लिया। जब कुछ घंटों बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, तब परिजनों के होश उड़े और इलाज के लिए भागदौड़ शुरू हुई। फिलहाल बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे बेहतर इलाज के लिए मऊ ले जाया गया है।
जानकारी के अनुसार, चांडी गांव निवासी देवचंद राजभर की तीन बेटियां हैं — रोशनी (6 वर्ष), ईशा (3 वर्ष) और पीहू (1 वर्ष)। सुबह रोशनी घर के अंदर सोई हुई थी। नींद से उठने के बाद जब वह कमरे से बाहर निकली तो अचानक किसी विषैले सांप ने उसे डस लिया।
बच्ची ने तत्काल परिजनों से कहा, "मुझे कुछ काट लिया है", लेकिन परिजनों ने इसे सामान्य समझते हुए ज्यादा ध्यान नहीं दिया। कुछ घंटे बाद जब बच्ची की तबीयत बिगड़ने लगी और वह मुंह से झाग छोड़ने लगी तो परिजन घबरा गए और उसे तत्काल लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर पहुंचे। यहां पर चिकित्सक डॉ. दिग्विजय कुमार ने प्राथमिक उपचार किया और बच्ची की स्थिति गंभीर देखकर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजन पहले उसे तहसील क्षेत्र के पंदह स्थित मिशन अस्पताल ले गए, जहां से बेहतर इलाज की जरूरत बताकर रेफर कर दिया गया। इसके बाद परिजन उसे लेकर मऊ जनपद के फातिमा हॉस्पिटल के लिए रवाना हो गए। फिलहाल बच्ची की स्थिति नाजुक बनी हुई है। परिजन लगातार दवा और ऑक्सीजन के सहारे उसे बचाने की कोशिश में लगे हैं। यह घटना न सिर्फ एक परिवार के लिए बल्कि पूरे गांव के लिए चेतावनी है कि विषैले जीव-जंतुओं से जुड़ी किसी भी शिकायत को हल्के में न लें। थोड़ी सी लापरवाही जान पर भारी पड़ सकती है।
