रजनीश श्रीवास्तव
बलिया के सिकंदरपुर चौराहे से सिवान कला जाने वाली मुख्य सड़क पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब सन राइज स्कूल के पास अचानक एक बड़ा पेड़ टूटकर सड़क पर गिर गया। संयोगवश उस दौरान वहां से बिना सवारी के एक ई-रिक्शा गुजर रहा था, जो पेड़ की चपेट में आकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। ई-रिक्शा चालक खतरा भांपते हुए समय रहते कूद गया, जिससे उसकी जान बच गई। घटना के दौरान पेड़ के साथ लगे बिजली के पोल और तार भी टूट कर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इससे पूरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई और मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत कार्य शुरू करवाया। पेड़ हटाने और यातायात बहाल करने के लिए प्रशासन ने जेसीबी मशीन मंगवाई। विद्युत विभाग को भी तार व पोल की मरम्मत के लिए सूचना दी गई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि उक्त पेड़ काफी पुराना और जर्जर हो चुका था, जिसकी जानकारी कई बार दी गई थी, लेकिन समय रहते ध्यान नहीं दिया गया।
फिलहाल, सड़क से पेड़ हटाने और ट्रैफिक को सामान्य करने का कार्य तेजी से चल रहा है।
