रजनीश श्रीवास्तव
सिकंदरपुर (बलिया)। कलेक्ट्रेट परिसर में शनिवार को समाजवादी पार्टी द्वारा आयोजित आरक्षण दिवस एवं संविधान मान स्तंभ दिवस कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय विधायक मोहम्मद रिजवी द्वारा कांवड़ यात्रियों को "अनपढ़ गवार" कहे जाने पर हिंदू संगठनों में जबरदस्त आक्रोश व्याप्त है।
रविवार को जल्पा मंदिर के समीप हिंदू संगठनों की एक आपात बैठक आयोजित की गई, जिसमें विधायक के बयान की कड़ी निंदा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सोमवार को सिकंदरपुर बाजार बंद रखा जाएगा और बस स्टेशन चौराहे पर विधायक मोहम्मद रिजवी का पुतला फूंका जाएगा। पूर्व विधायक भगवान पाठक ने कहा कि देवघर में हिंदू के साथ-साथ मुसलमान भी जल चढ़ाने के लिए जाते हैं किसी के आस्था के प्रति अपमान करने की आदत क्षेत्रीय विधायक की बन गई है देवघर में राजा रंग फकीर सब एक साथ बाबा के दरबार में जाते हैं मैं तो सलाह दूंगा कि एक बार वह जरूर जाकर के देख ले जिससे कि उनको सद्बुद्धि आ सके अगर ऐसे ही उनके द्वारा उलूल जुलूल जबाब देना बंद नही किया गया तो सड़क पर उतरकर जवाब देने का काम किया जाएगा
भाजपा जिला महामंत्री प्रयाग चौहान ने कहा कि सनातन धर्म और उसके अनुयायियों के खिलाफ इस प्रकार की अमर्यादित टिप्पणी बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि यह बयान हिंदुओं का अपमान है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मंडल अध्यक्ष आकाश तिवारी ने कहा कि विधायक मोहम्मद रिजवी पूर्व में भी सनातन विरोधी बयान देते रहे हैं। जब भी यह सत्ता में रहते हैं, हिंदुओं के ऊपर अत्याचार और अपमान उनके द्वारा किया जाता है। ऐसे जनप्रतिनिधि के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए और उन्हें सार्वजनिक रूप से हिंदुओं और सनातन धर्म से माफी मांगनी चाहिए।
इस मौके पर गोलू बरनवाल, जयप्रकाश, गोवर्धन प्रसाद, रविंद्र वर्मा, अवधेश सिंह, अनूप जायसवाल समेत कई लोग मौजूद रहे। संगठन के लोगों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
