सिकंदरपुर (बलिया),: तहसील सिकंदरपुर के ग्राम मझवालिया निवासी आरती दुबे ने अपने गांव के ग्राम प्रधान पर रंजिशवश निजी जमीन में अवैध नाली निर्माण का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने उपजिलाधिकारी सिकन्दरपुर को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की है।
आरती दुबे पत्नी सुधाकर दुबे ने आरोप लगाया है कि ग्राम प्रधान द्वारा मात्र चार घरों के लिए नाली का निर्माण किया जा रहा है, जो उनकी निजी भूमि से होकर गुजरती है। उक्त नाली से निकलने वाला गंदा पानी उनके बसवारी के बांस खुटी में गिराया जा रहा है, जिससे उनकी कृषि भूमि को क्षति पहुँच रही है।
प्रार्थिनी के अनुसार, मात्र 50 मीटर की दूरी पर एक सार्वजनिक नाली पहले से मौजूद है, जिसमें गाँव के अन्य हिस्सों का पानी बहता है। यदि उसी नाली में वर्तमान पानी को डाला जाए तो सरकारी धन की बचत होगी और किसी की निजी भूमि को नुकसान भी नहीं पहुँचेगा।
आरती दुबे ने यह भी आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान उनके द्वारा वोट न देने के कारण रंजिशवश यह कार्य करवा रहे हैं। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि ग्राम प्रधान ने उल्टे उनके तथा चंदा नामक एक अन्य महिला पर थाने में झूठी शिकायत भी दर्ज कराई है।
प्रार्थिनी ने उपजिलाधिकारी से निवेदन किया है कि इस मामले को संज्ञान में लेते हुए थाना सिकन्दरपुर को निर्देशित किया जाए कि नाली का निर्माण सार्वजनिक मार्ग से किया जाए और पानी को पहले से बनी सार्वजनिक नाली में गिराया जाए, ताकि विवाद की स्थिति न उत्पन्न हो और शांति व्यवस्था बनी रहे।
