जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने की शान्ति समिति की बैठक

MAHARSHI TIMES
0

महर्षि टाइम्स 

बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह एवं पुलिस अधीक्षक  ओमवीर सिंह ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में गंगा दशहरा एवं बकरीद त्योहार पर शान्ति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए शान्ति समिति की बैठक की।

बैठक में जिलाधिकारी ने उपस्थित संभ्रांत नागरिकों की समस्याओं/सुझावों को प्राप्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को समस्याओं को तत्काल निस्तारित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने गंगा दशहरा एवं बकरीद त्योहार को सकुशल सम्पन्न कराए जाने के लिए अब तक की गई तैयारियों/कार्यवाही की जानकारी थाना प्रभारियों एवं संबंधित अधिकारियों से प्राप्त करते हुए जिला पंचायतराज अधिकारी से कहा कि सभी स्नान घाटों की साफ-सफाई सुनिश्चित कराई जाय तथा सफाई कर्मियों की ड्यूटी भी लगा दिया जाय। उन्होंने अपर मुख्य अधिकारी,जिला पंचायत को सभी स्नान घाटों पर बैरिकेडिंग, चेंजिंग रूम, लाउडस्पीकर एवं टेंट आदि आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि यह भी सुनिश्चित किया जाय कि किसी के डूबने की घटना न होने पाए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों से कहा कि इस पर विशेष ध्यान दिया जाय कि कोई भी व्यक्ति नाव पर बैठकर बैरिकेडिंग एरिया के बाहर स्नान करने न जाने पाए, सभी लोग घाट पर ही स्नान करें। स्नान घाट तक जाने वाले रास्तों का भी निरीक्षण आवश्यकतानुसार रास्तों को ठीक करा दिया जाय। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को बड़े स्नान घाटों पर स्वास्थ्य टीम लगाने के भी निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने जिला पंचायतराज अधिकारी,अपर मुख्य अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग आदि संबंधित अधिकारियों को स्नान घाटों पर जाकर आज शाम तक सभी आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने उपस्थित संभ्रांत नागरिकों से कहा कि त्योहार आपसी सौहार्द एवं भाई-चारा के साथ मनाया जाय। किसी नई परंपरा की शुरुआत न किया जाय। ईदगाह/मस्जिद में ही इबादत किया जाय। सार्वजनिक स्थान व सड़कों पर इबादत न किया जाय। प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी न दिया जाय। किसी भी नए स्थान पर इबादत एवं कुर्बानी न किया जाय। उन्होंने कहा कि अगर कोई भी व्यक्ति सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करता है,तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी

जिलाधिकारी ने जिला पंचायतराज अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारियों को साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने उप जिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को त्योहार के दिन भ्रमणशील रहकर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।  पुलिस अधीक्षक ने सभी से कहा कि त्यौहार को आपसी सौहार्द के साथ मनाया जाय। सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक पोस्ट न किया जाय। अफवाहों पर ध्यान न दिया जाय और न ही अफवाह फैलाई जाय। जनपद में आपसी सौहार्द बनाए रखें। कोई भी नई परंपरा की शुरुआत न किया जाय। उन्होंने कहा कि स्वयं भी यातायात नियमों का पालन करें तथा अपने बच्चों को भी यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक करें।

इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी त्रिभुवन, अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक कृपा शंकर एवं नगर मजिस्ट्रेट  आसाराम वर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण एवं संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहें।

Post a Comment

0Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Post a Comment (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top