महर्षि टाइम्स
रसड़ा, (बलिया) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा स्थानीय श्रीनाथ मठ के प्रांगण स्थित एक मैरिज हॉल में हिंदू नव वर्ष के अवसर पर नव वर्ष प्रतिपदा उत्सव मनाया गया।इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गोरक्ष प्रांत के प्रांत प्रचारक श्री रमेश जी ने बताया कि हिंदू नव वर्ष मौसम के अनुकूल होता है और बहुत ही वैज्ञानिक तरीके से मनाया जाता है ।राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डॉक्टर केशव बलिराम हेडगेवार जी का आज जन्मदिन भी है। भगवान राम का राज्याभिषेक भी आज ही के दिन हुआ था। ब्रह्मा जी द्वारा इसी दिन पृथ्वी का अवतरण किया गया था। महर्षि दयानंद ने आज ही के दिन आर्य समाज की स्थापना की थी। आज के दिन चारों तरफ हर्सोल्लास और बसंत ऋतु के आगमन की छठा दिखाई पड़ती है। सन 1925 में स्थापित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ इस वर्ष अपने 100 वर्ष पूरे करने जा रहा है। संघ के संस्थापक डॉ केशव राव बलिराम हेडगेवार जन्मजात देशभक्त थे उन्होंने अपने बाल्य काल में ही देशभक्ति का परिचय दे दिया था ।अंग्रेजों के खिलाफ सत्याग्रह करके वे कई बार जेल की सलाखों के पीछे चले गए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपने स्थापना की शताब्दी समारोह वर्ष में प्रत्येक ग्राम सभाओं और न्याय पंचायतों में संघ की स्थापना करेगा।हम गांव-गांव शाखाओं का विस्तार करेंगे। कार्यक्रम के प्रारंभ में पूर्ण गणवेश में उपस्थित स्वयंसेवकों ने आद्य सरसंघचालक प्रणाम किया।कार्यक्रम का संचालन नगर कार्यवाह संजय सिंह ने किया। एकल गीत लाल जी ,प्रार्थना कन्हैया जी एवं मुख्य शिक्षक का कार्य विकास मौर्य जी ने किया। इस अवसर पर विभाग प्रचारक अंबेश जी, जिला प्रचारक सर्वेंद्र जी ,गोविंद नारायण सिंह, शिवेंद्र सिंह, पूर्व सांसद बब्बन राजभर, कौशल किशोर गुप्ता भी उपस्थित रहे। मंच पर जिला संघ के रामबाबू एवं नगर संचालक श्याम कृष्ण गोयल की उपस्थिति रही।


