प्रदीप कुमार पाण्डेय।
गाजीपुर ।मकर संक्रांति के मौके पर जनपद के सभी थाना क्षेत्र के गंगा तटों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। कड़ी सर्दी और घने बादलों के बावजूद लोगों की आस्था में कोई कमी नहीं आई। गौसपुर, बच्छलपुर, सेमरा, शेरपुर, ददरी घाट ,चिंतनाथ घाट, स्टीमर घाट के गंगा तटों पर सुबह से ही श्रद्धालु स्नान करने के लिए पहुंचने लगे थे।
इस दिन को लेकर लोगों में विशेष उत्साह था। श्रद्धालुओं ने ठंडक और धूप न होने के बावजूद गंगा में स्नान किया और परंपरागत तरीके से पूजा-अर्चना कर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दिन को पवित्र मानते हुए उन्होंने गंगा स्नान करके अपने पापों से मुक्ति की कामना की।
गंगा तटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रशासन ने विशेष प्रबंध किए थे। पुलिस और स्वयंसेवी संगठन भीड़ को नियंत्रित करने और सभी को सुविधा प्रदान करने में जुटे रहे।
श्रद्धालुओं का कहना था कि मकर संक्रांति का पर्व धर्म और आस्था के साथ-साथ जीवन को सकारात्मक दिशा देने की प्रेरणा देता है। गंगा तटों पर इस पर्व के मौके पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे, जिनकी आस्था और उत्साह देखने लायक था।
