गाली-गलौज का विरोध करने पर पाटीदारों ने किया हमला, तीन आरोपी पुलिस हिरासत में; दो की तलाश में तीन टीमें गठित
उभांव (बलिया)। थाना उभांव क्षेत्र के ग्राम सोनाडीह (दोथ) में गुरुवार रात करीब 10 बजे गाली-गलौज का विरोध करने पर दो सगे भाइयों पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान अमरेश बहादुर सिंह की मौत हो गई, जबकि उनके भाई मंजेश सिंह की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए बीएचयू वाराणसी रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमरेश बहादुर सिंह पुत्र स्व. जितेंद्र सिंह और उनके भाई मंजेश सिंह के पाटीदार रामकरण सिंह किसी बात को लेकर गाली-गलौज कर रहे थे। दोनों भाइयों ने मौके पर पहुंचकर उन्हें समझाने का प्रयास किया। इसी दौरान रामकरण सिंह तथा उसके परिवार के अन्य सदस्यों ने कथित रूप से दोनों भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया।
घटना के बाद घायलों को तत्काल सीएचसी उभांव (सीयर) ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए जनपद मऊ रेफर किया गया। मऊ में इलाज के दौरान अमरेश बहादुर सिंह की मौत हो गई। वहीं, मंजेश सिंह की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बीएचयू वाराणसी भेज दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक अमरेश बहादुर सिंह की पुत्री की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, तहरीर में नामजद पांच आरोपियों में से घटना में संलिप्त तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। शेष दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था कायम है। मामले में अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) बलिया श्री दिनेश कुमार शुक्ला ने घटना के संबंध में जानकारी दी।
