नगरा (बलिया)। उभांव थाना क्षेत्र के पशुहारी गांव में रविवार को जमीन के पुराने विवाद को लेकर पट्टीदारों के दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इस दौरान विद्यालय प्रबंधक 35 वर्षीय अच्छेलाल यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।बताया जा रहा है कि रविवार को जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। इसी दौरान अच्छेलाल यादव घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए सीएचसी सीयर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया।मारपीट की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी लेते हुए स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ कर विवाद के कारणों और मारपीट में शामिल लोगों के बारे में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। घटना को लेकर गांव में चर्चा बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जमीन के पुराने विवाद में पट्टीदारों में मारपीट, विद्यालय प्रबंधक गंभीर घायल
September 13, 2026
0
ओमप्रकाश वर्मा
