समाजसेवी संतोष श्रीवास्तव के प्रयास से साकार हुई वर्षों पुरानी मांग
रजनीश श्रीवास्तव
सिकन्दरपुर (बलिया), संवाददाता। सिकन्दरपुर तहसील अंतर्गत गौरा मदनपुरा में रविवार को नवनिर्मित अग्निशमन एवं आपात सेवा केंद्र का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ समाजसेवी संतोष श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी राकेश सिंह, नगरा थाना प्रभारी संजय कुमार मिश्र, फायर स्टेशन प्रभारी संजय कुमार सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुए पूजन के बाद फायर स्टेशन का लोकार्पण किया गया। उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि इस केंद्र के शुरू होने से सिकन्दरपुर, नगरा, बेल्थरा रोड सहित आसपास के दर्जनों गांवों में आग लगने की घटनाओं पर समय रहते काबू पाया जा सकेगा। इससे जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित होगी और अग्निकांड की स्थिति में लोगों को तत्काल राहत मिलेगी।
गौरा मदनपुरा में फायर स्टेशन की स्थापना क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग थी। समाजसेवी संतोष श्रीवास्तव ने भूमि आवंटन सहित विभिन्न प्रशासनिक प्रक्रियाओं को पूरा कराने के लिए लगातार प्रयास किए। उनके अथक प्रयासों के फलस्वरूप क्षेत्रवासियों को यह महत्वपूर्ण सुविधा प्राप्त हुई।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने फायर स्टेशन की स्थापना को क्षेत्र के विकास एवं सुरक्षा की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताते हुए सरकार, प्रशासन एवं समाजसेवी संतोष श्रीवास्तव का आभार व्यक्त किया। लोगों का कहना था कि अब किसी भी अग्निकांड की सूचना पर दमकल वाहन शीघ्र मौके पर पहुंच सकेंगे, जिससे नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकेगा।

