महर्षि टाइम्स
बलिया । टावर बन गया है प्यार का पावर अपनी बात, जिद या शिकायत मनवाने के लिए टावर पर चढ़ने की घटनाएं यहां तेजी से नया चलन बनती जा रही है। प्रेम प्रपंच में धोखा खाने का विवाद हो या पारिवारिक विवाद, लोग अपनी जिद मनवाने के लिए टॉवर का इस्तेमाल कर रहे हैं। कहीं बिजली के हाईटेंशन तो कहीं टेलीफोन। प्रतिबंधित और खतरनाक होने के बावजूद युवक-युवती अंतिम ऊंचाई तक पहुंच जा रहे और पुलिस-प्रशासन को उन्हें उतारने में घंटों मशक्कत करनी पड़ती है।
ताजा मामला भीमपुरा थाना क्षेत्र का है, जहां गुरुवार तड़के एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई। सुबह करीब 4:30 बजे हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंच गई। टीम ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया। पुलिस की पूछताछ में 25 वर्षीय युवती ने बताया कि जिस युवक से वह शादी करना चाहती थी, उसने विवाह से इनकार कर दिया। वहीं, परिजनों ने उसकी शादी किसी अन्य स्थान पर तय कर दी थी। इसी मानसिक तनाव में उसने हाइटेंशन टावर पर चढ़ने जैसा कदम उठाया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने युवती को नीचे उतारा। इसके बाद युवती को समझा-बुझाकर पुलिस ने उसके स्वजनों को उसे सुपुर्द कर दिया। घटना के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए थे, लेकिन पुलिस ने स्थिति को शांतिपूर्वक नियंत्रित रखा।




