महर्षि टाइम्स
बलिया। चितबड़ागांव थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कझारी में शुक्रवार को दोपहर करीब 2:30 बजे एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहन संख्या BR 26 AP 2383 स्कॉर्पियो का चालक छोटू चौधरी पुत्र राजवंश चौधरी निवासी ग्राम एकवनिया थाना कोचस जनपद रोहतास (बिहार) अपने परिचित सरोज कुमार सिंह पुत्र स्व. देव मुनी सिंह के साथ किसी आवश्यक कार्य से नगपुरा टीका देवरी के तरफ जा रहा था। जाते वक्त कझारी गांव के चट्टी पर अचानक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया ।दुर्घटना में चालक छोटू चौधरी के सिर में गंभीर चोट लग गई। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रसड़ा पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बलिया के मोर्चरी हाउस भेज दिया। सूचना के बाद मृतक का भाई रविशंकर चौधरी सहित अन्य परिजन भी मौके पर पहुंच गए। थानाध्यक्ष बृजेश सिंह ने बताया की परिजनों द्वारा घटना के संबंध में इत्तेफाकिया तहरीर दी गई है, जिसके आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
