महर्षि टाइम्स
बलिया (चितबड़ागांव)। राष्ट्रीय राजमार्ग -31 (बलिया-बक्सर मार्ग) पर सोमवार की शाम एक भीषण सड़क हादसे में 27 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। रामपुर चीट गेट के समीप करीब 6:55 बजे तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे टेलर में पीछे से जा टकराई, जिससे बाइक सवार अजीत कुमार राय पुत्र शंकर राय, निवासी इमलीपुर थाना सेमरी, जनपद बक्सर (बिहार) की मौके पर ही मौत हो गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार अजीत कुमार राय 82 पुल के रास्ते नरही थाना क्षेत्र अंतर्गत सुरापाली स्थित अपने रिश्तेदारी में निमंत्रण में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही वह रामपुर चीट गेट के पास पहुंचे, अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और सामने चल रहे टेलर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष बृजेश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

