महर्षि टाइम्स
बलिया। वीर लोरिक स्टेडियम, बलिया में आयोजित 75वीं अन्तर्जनपदीय पुलिस फुटबॉल प्रतियोगिता पुरुष वर्ग 2026 का पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह द्वारा समापन किया गया । जनपद बलिया द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में मंडल के विभिन्न जिलों की पुलिस टीमों ने अपनी प्रतिभा और खेल भावना का प्रदर्शन किया। फाइनल मैच जनपद जौनपुर व जनपद बलिया के बीच खेला गया। जिसमें जनपद जौनपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। महोदय द्वारा विजेता टीमों को पुरस्कार व ट्रॉफी वितरित कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल में शारीरिक फिटनेस, अनुशासन, आपसी सौहार्द और खेल भावना को बढ़ावा देना था। महोदय द्वारा समापन समारोह को संबोधित करते हुए कहा, "खेल न केवल शारीरिक फिटनेस के लिए जरूरी हैं, बल्कि ये पुलिस कर्मियों में टीम वर्क और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता को भी बढ़ाते हैं। पुलिस का काम चुनौतीपूर्ण है, और ऐसे आयोजन मानसिक तनाव को कम करने में सहायक होते हैं।" प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों ने पेशेवर खेल भावना का परिचय दिया। आयोजक टीम ने सभी पुलिस टीमों, रेफरी और आयोजक मंडल का आभार व्यक्त किया।
उक्त आयोजन के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी संजय वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी बलिया दिनेश कुमार शुक्ल, क्षेत्राधिकारी नगर मो0 उस्मान, क्षेत्राधिकारी पुलिस लाइन अक्षय कुमार व प्रतिसार निरीक्षक बलिया सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण एवं सभी खिलाड़ी मौजूद रहे l











