आंगनबाड़ी कार्यकत्री प्रशिक्षण कार्यशाला में दिया गया पोषण भी पढ़ाई भी का टिप्स

MAHARSHI TIMES
0

ओमप्रकाश वर्मा 

रसड़ा(बलिया)। विकास खंड रसड़ा सभागार में बाल विकास परियोजना की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के पहले बैच के लिए 'पोषण भी पढ़ाई भी' का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि खंड विकास अधिकारी शिवांकित वर्मा ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।

अपने संबोधन में खंड विकास अधिकारी शिवांकित वर्मा ने कहा कि ग्राम्य विकास विभाग द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को हर प्रकार का सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने उनसे पूरे मनोयोग से अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आग्रह किया।

वर्मा ने यह भी बताया कि आंगनबाड़ी भवनों का कायाकल्प किया जाएगा। उन्होंने जोर दिया कि सरकार आंगनबाड़ी केंद्रों पर विशेष ध्यान दे रही है और उन्हें संसाधन उपलब्ध करा रही है, ताकि वे निजी प्ले स्कूलों के मुकाबले स्थापित हो सकें। बाल विकास परियोजना अधिकारी विशाल कुमार यादव ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए प्रशिक्षण के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 से विभाग द्वारा पोषण के साथ-साथ पढ़ाई पर भी कार्य किया जा रहा है, जिसके लिए संयुक्त प्रयास किए जा रहे हैं।

'पोषण भी पढ़ाई भी' कार्यक्रम के तहत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को तीन दिवसीय सत्रों के माध्यम से आरंभिक बचपन देखभाल और शिक्षा (ईसीसीई) का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इन विशेष प्रशिक्षण सत्रों में "नवचेतना-जन्म से तीन वर्ष तक के बच्चों के लिए प्रारंभिक बचपन प्रोत्साहन की राष्ट्रीय रूपरेखा, 2024" और "आधारशिला-तीन से छह वर्ष तक के बच्चों के लिए प्रारंभिक बचपन देखभाल और शिक्षा के लिए राष्ट्रीय पाठ्यक्रम 2024" शामिल हैं।प्रशिक्षण में प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्र में प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल और शिक्षा के लिए खेल-आधारित गतिविधियों और साप्ताहिक खेल-आधारित कैलेंडर पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके अंतर्गत आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को गंभीर रूप से तीव्र कुपोषित (सैम), मध्यम रूप से तीव्र कुपोषित (मैम) और बच्चों में सूक्ष्म पोषक तत्वों की कमी संबंधी कुपोषण से निपटने के तरीके सिखाए जा रहे हैं। साथ ही, उन्हें संतुलित आहार, फलों और सब्जियों के अधिक सेवन के साथ-साथ स्वच्छता एवं साफ-सफाई की आदतें विकसित करने के लिए भी प्रशिक्षित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य बच्चों के विकास में अच्छी पोषण संबंधी आदतें विकसित करने हेतु माता-पिता और समुदाय को जागरूक करना है। इस प्रशिक्षण सत्र में सीएम फेलो संदीप कुमार सिंह, मुख्य सेविका रचना त्रिपाठी, प्रियंका यादव, पुष्पा, किरण, सिताबी देवी, नीलम सिंह और ब्लॉक कोऑर्डिनेटर रणजीत कुमार ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशिक्षण प्रदान किया।

Post a Comment

0Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Post a Comment (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top