बलिया में परिवहन मेला आयोजित, एकमुश्त कर व्यवस्था की दी गई जानकारी

MAHARSHI TIMES
0

आधुनिक और जवाबदेह कर प्रणाली की ओर बढ़ता परिवहन विभाग

परिवहन विभाग ने मेले में सुनीं वाहन स्वामियों की समस्याएं

महर्षि टाइम्स 

बलिया। सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय बलिया के परिसर में शुक्रवार को परिवहन मेले का आयोजन किया गया। मेले में बड़ी संख्या में वाहन स्वामी, विभिन्न ट्रांसपोर्ट संगठनों के सदस्य तथा परिवहन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को लेकर वाहन स्वामियों में खासा उत्साह देखा गया। इस अवसर पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) अरुण कुमार राय ने राज्य सरकार द्वारा परिवहन कर प्रणाली में किए गए व्यापक सुधारों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने एकमुश्त कर ढांचे को लागू किए जाने के उद्देश्य और उससे मिलने वाले लाभों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नई व्यवस्था से कर जमा करने की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सरल, पारदर्शी और सुगम होगी। इससे वाहन स्वामियों को बार-बार की औपचारिकताओं से राहत मिलेगी और समय की बचत भी होगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य कर प्रणाली को आधुनिक, जवाबदेह और वाहन स्वामियों के लिए सुविधाजनक बनाना है, ताकि परिवहन क्षेत्र में सुगमता और पारदर्शिता बढ़े। मेले के दौरान अधिकारियों ने उपस्थित लोगों की शंकाओं का समाधान भी किया और नई व्यवस्था से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई। सड़क सुरक्षा के मुद्दे पर विशेष जोर देते हुए अरुण कुमार राय ने सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जागरूकता और नियमों का पालन अत्यंत आवश्यक है। मेले के दौरान वाहन स्वामियों की समस्याएं भी गंभीरता से सुनी गईं। अधिकारियों द्वारा मौके पर ही कई समस्याओं का समाधान किया गया तथा अन्य मामलों में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में परिवहन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही।

Post a Comment

0Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Post a Comment (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top