महर्षि टाइम्स
बलिया। सिकंदरपुर । सिवान कला गांव में रविवार को समान शिक्षा संघर्ष मोर्चा के तत्वावधान में बच्चों को कापी-क़लम वितरित की गई। कार्यक्रम का नेतृत्व अरशद हिन्दुस्तानी ने किया। इस अवसर पर मोर्चा के सदस्यों ने घर-घर जाकर लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया और अभिभावकों से आग्रह किया कि वे चाहे आधी रोटी खाएं, लेकिन अपने बच्चों को ज़रूर पढ़ाएं।
सदस्यों ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र के पूर्व और वर्तमान सांसदों व विधायकों से समान शिक्षा और नि:शुल्क शिक्षा की मांग करें, ताकि समाज में व्याप्त असमानता को दूर किया जा सके।
अरशद हिन्दुस्तानी ने कहा कि "शिक्षा ही एकमात्र माध्यम है जिससे गरीबी को जड़ से समाप्त किया जा सकता है और देश को सशक्त बनाया जा सकता है।" बच्चों को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि वे मन लगाकर पढ़ाई करें और जीवन में आगे बढ़ें।
कापी-क़लम पाकर बच्चे बेहद उत्साहित नजर आए। कार्यक्रम में विनोद मानव, राधेश्याम वर्मा, मास्टर राहुल भारती, हरिशंकर राजभर, राधे राजभर, अंकुश विपिन सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।
