रजनीश श्रीवास्तव
सिकंदरपुर (बलिया) : भारतीय सेना द्वारा हाल ही में सफलतापूर्वक संपन्न किए गए ऑपरेशन सिंदूर की विजय और वीर जवानों के शौर्य को सम्मानित करने हेतु सिकंदरपुर नगर में रविवार को एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत आयोजन का नेतृत्व सिकंदरपुर के पूर्व विधायक श्री संजय यादव ने किया।
गांधी इंटर कॉलेज से आरंभ हुई यह विशाल बाइक रैली बेल्थरामार्ग, नगरा मोड़, लखनापार, एकइल, टड़वा, पुर, जगदरा, खेजुरी, बहेरी, पंदह होते हुए घुड़ी बाबा के टोला तक गई और पुनः गांधी इंटर कॉलेज परिसर में सम्पन्न हुई। रैली के दौरान सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता बाइकों पर सवार होकर तिरंगा लहराते नजर आए। भारत माता की जय, वंदे मातरम् और भारतीय सेना जिंदाबाद जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
इस अवसर पर श्री संजय यादव ने कहा, ऑपरेशन सिंदूर भारतीय सेना की वीरता और रणनीतिक कौशल का प्रतीक है। इस तिरंगा यात्रा के माध्यम से हम अपने सैनिकों को नमन करते हैं और उनके त्याग का सम्मान करते हैं। यात्रा के दौरान जगह-जगह पर स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। युवाओं की विशेष भागीदारी से रैली में उत्साह और ऊर्जा का संचार देखने को मिला।
इस मौके पर अरविंद कुमार राय, संजय जायसवाल, आकाश तिवारी,मनीष सिंह, क्षितिज प्रताप सिंह, चंदन राय, गोपाल चौरसिया, जितेंद्र सोनी, जितेंद्र वर्मा, ज्ञान प्रकाश राय बबलू, दिलीप सिंह,पप्पू राय, छोटू राजभर, आकाश पाण्डेय, विवेक सिंह, पप्पू सिंह, भारतेन्दु राय,ब्रजेश सिंह, मनोज सिंह, रामजी राय, सत्येंद्र राजभर, संजय राय सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
