रिपोर्ट प्रदीप कुमार पाण्डेय।
गाजीपुर। स्थानीय थाना कोतवाली अंतर्गत परानपुर गांव में मजदूरी मांगना दो मजदूरों को उस वक्त महंगा पड़ गया, जब दबंगों ने चाकू से उन पर जानलेवा हमला कर दिया। घायल मजदूरों को गंभीर अवस्था में वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, परानपुर निवासी शिव राजभर और राजन राजभर ने लट्टू डीह में मजदूरी का कार्य किया था। जब वे अपनी मेहनताना मांगने पहुंचे तो कहासुनी के बाद उन पर हमला कर दिया गया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले दोनों की बेरहमी से पिटाई की और फिर चाकू से पेट व चेहरे पर वार किए।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायलों को स्थानीय कोतवाली ले गए। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां से हालत गंभीर होने के कारण वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना की तहरीर संजय राजभर ने दी, जिसके आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, वहीं गांव में घटना को लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है।
