ब्यूरो रिपोर्ट प्रदीप कुमार पाण्डेय।
गाजीपुर। जनपद के मुहम्मदाबाद तहसील सभागार में आज लोकतांत्रिक प्रणाली को मजबूत आधार देने में बूथ लेवल ऑफिसरों (बी.एल.ओ.) की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है। इसी महत्वपूर्ण योगदान की सराहना करते हुए तहसील सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में विधानसभा क्षेत्र-378 मोहम्मदाबाद के 21 बी.एल.ओ. को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 28 अक्टूबर से 4 दिसंबर 2025 तक चलाए जा रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान में बी.एल.ओ. की जिम्मेदारियां काफी बढ़ जाती हैं। मतदाता सूची के पुनरीक्षण के लिए उन्होंने तेज धूप, सर्द हवाओं और समयाभाव जैसी चुनौतियों के बीच घर-घर पहुंचकर अपनी ड्यूटी का निर्वहन किया। उनके इसी समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को देखते हुए आज का समारोह उनके मनोबल को बढ़ाने का माध्यम बना।
सम्मान पत्र उपजिलाधिकारी डॉ. हर्षिता तिवारी एवं तहसीलदार महेन्द्र बहादुर द्वारा प्रदान किए गए। इस अवसर पर नायब तहसीलदार विपिन कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
सम्मान ग्रहण करते समय कई बी.एल.ओ. की आंखों में गर्व की चमक साफ दिखाई दी। सभागार उनकी सराहना में गूंजती तालियों से देर तक गुंजायमान रहा।
यह सम्मान सिर्फ एक प्रशस्ति पत्र नहीं, बल्कि यह संदेश है कि जिम्मेदारी, निष्ठा और ईमानदारी हमेशा पहचान पाती है। लोकतंत्र के इन अनदेखे प्रहरी को मिला यह गौरव निश्चित रूप से अन्य कर्मियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।

