रिपोर्ट प्रदीप कुमार पाण्डेय।
गाज़ीपुर। स्थानीय तहसील सभागार में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को लेकर प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ दैनिक निरीक्षण कर रहा है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 27 अक्टूबर को मतदाता सूची प्रकाशित किए जाने के बाद पूरे जनपद में अद्यतन प्रक्रिया को तेज़ी से आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी क्रम में उप जिलाधिकारी (एसडीएम) डॉ. हर्षिता तिवारी, तहसीलदार महेंद्र बहादुर तथा विपिन कुमार स्वयं उपस्थित रहकर बी.एल.ओ द्वारा किए जा रहे कार्यों और गणना प्रपत्रों की गहन समीक्षा कर रहे हैं।
एसडीएम डॉ. हर्षिता तिवारी ने बताया कि मतदाता सूची प्रकाशन के साथ ही एसआईआर सूचना भी जारी कर दी गई है। इसके बाद 4 नवंबर से 4 दिसंबर तक गणना अवधि निर्धारित की गई है, जिसके अंतर्गत बी.एल.ओ घर-घर जाकर मतदाताओं को दो प्रतियों में गणना प्रपत्र उपलब्ध करा रहे हैं। इनमें से एक प्रति बी.एल.ओ के पास जमा की जानी है, जबकि दूसरी प्रति मतदाता अपने पास प्रमाण के रूप में सुरक्षित रखेगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि गणना प्रपत्र के साथ एक पासपोर्ट साइज फोटो लगाना अनिवार्य है, ताकि मतदाता सूची अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बने। प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने प्रपत्र भरकर अनिवार्य रूप से बी.एल.ओ को सौंपें।
एसडीएम ने यह भी आग्रह किया कि नागरिक स्वयं के साथ-साथ अपने आस-पड़ोस के लोगों को भी इस प्रक्रिया के प्रति जागरूक करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए और पुनरीक्षण कार्य समय पर पूर्ण हो सके।
मतदाता सूची के अद्यतन की दिशा में यह अभियान निष्पक्ष, पारदर्शी और मजबूत लोकतांत्रिक व्यवस्था की ओर एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।
