प्रदीप कुमार पाण्डेय
गाजीपुर। जनपद के थाना नन्दगंज क्षेत्र में फायरिंग कर सनसनी फैलाने वाले दो बदमाशों को पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी की यह कार्रवाई थाना नन्दगंज पुलिस और स्वॉट टीम के संयुक्त अभियान के तहत की गई।
पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के कब्जे से एक पिस्टल 32 बोर, एक जिन्दा कारतूस व एक खोखा कारतूस 32 बोर, मैगजीन सहित तथा एक अवैध तमंचा .315 बोर व एक खोखा कारतूस .315 बोर बरामद किया है।
दिनांक 12.05.2025 की सुबह थाना नन्दगंज के थानाध्यक्ष और स्वॉट प्रभारी अपनी टीम के साथ मु0अ0सं0 126/2025 धारा 288, 308(5), 61(2) बीएनएस से संबंधित अभियुक्त अमन यादव पुत्र अजय सिंह यादव (निवासी ग्राम सकरा, हाल पता बरहपुर) एवं अमन यादव पुत्र अंगद यादव (निवासी ग्राम बेलसड़ी, थाना करण्डा) को अवैध असलहे की बरामदगी के लिए ग्राम बरहपुर ले गए थे।
बरामदगी के दौरान दोनों अभियुक्तों ने मौके का फायदा उठाकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की जिसमें दोनों के बाएं पैर में गोली लगने से वे घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के लिए उन्हें तत्काल पीएचसी नन्दगंज भेजा गया।
पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे जेल जाने के डर से भागना चाहते थे, इसलिए उन्होंने पुलिस पर फायरिंग की। अभियुक्तों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए क्षमा की मांग की।
गिरफ्तारी में शामिल पुलिस टीम में स्वॉट प्रभारी उ0नि0 रोहित कुमार मिश्रा मय टीम एवं थानाध्यक्ष बृजेश कुमार गुप्ता मय टीम शामिल थे।
इस संबंध में अन्य विधिक कार्रवाई जारी है।
