UPITS 2026 में GIMS के हेल्थटेक नवाचारों की धूम

0

CMI के 10 स्टार्टअप्स ने AI, मेडिकल डिवाइस, स्क्रीनिंग और डायग्नोस्टिक तकनीकों का किया प्रदर्शन

भूपेन्द्र श्रीवास्तव 

ग्रेटर नोएडा। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2026 में सरकारी आयुर्विज्ञान संस्थान (GIMS), ग्रेटर नोएडा के सेंटर फॉर मेडिकल इनोवेशन (CMI) ने हेल्थटेक और मेडिकल इनोवेशन के क्षेत्र में विकसित हो रहे समाधानों को प्रदर्शित किया। CMI से जुड़े 10 हेल्थकेयर स्टार्टअप्स ने स्वास्थ्य क्षेत्र में उपयोग होने वाली विभिन्न तकनीकों और समाधानों का प्रदर्शन किया।

पांच दिवसीय UPITS 2026 का उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में किया। ट्रेड शो में उद्योग जगत, स्टार्टअप्स, निवेशक, चिकित्सा एवं शिक्षण संस्थान, शोधकर्ता, नवाचारकर्ता और नीति-निर्माताओं के साथ देश-विदेश से आए प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं।

AI से डायग्नोस्टिक तकनीक तक का प्रदर्शन

CMI GIMS की ओर से ट्रेड शो में 10 हेल्थकेयर स्टार्टअप्स को अपने उत्पाद और तकनीकी समाधान प्रदर्शित करने का मंच उपलब्ध कराया गया है। इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित हेल्थकेयर समाधान, क्लिनिकल एवं मेडिकल डिवाइस, स्क्रीनिंग व डायग्नोस्टिक तकनीक, प्रिवेंटिव हेल्थकेयर तथा मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े समाधान शामिल हैं।

ट्रेड शो के दौरान स्टार्टअप्स को उद्योग जगत, निवेशकों, चिकित्सा संस्थानों, सरकारी संस्थाओं, विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और संभावित तकनीकी साझेदारों से संवाद का अवसर मिल रहा है। इससे उन्हें अपने उत्पादों के संभावित उपयोग और सहयोग की संभावनाओं को सामने रखने का मंच भी मिल रहा है।

हॉल नंबर-5 और 8 में GIMS की मौजूदगी

UPITS 2026 में CMI GIMS की मौजूदगी हॉल नंबर-5 और हॉल नंबर-8 में है। हॉल नंबर-8 में CMI से जुड़े स्टार्टअप्स और उनकी स्वास्थ्य तकनीकों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया है। यहां आगंतुक स्टार्टअप टीमों से सीधे संवाद कर उनके द्वारा विकसित तकनीकों और संभावित क्लिनिकल उपयोग के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

आयोजन के पहले दिन ब्रिगेडियर डॉ. गुप्ता ने हॉल नंबर-8 स्थित CMI के स्टार्टअप प्रदर्शनी स्थल का दौरा किया। उन्होंने प्रदर्शित स्वास्थ्य तकनीकों का अवलोकन किया और स्टार्टअप टीमों से उनके समाधानों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान चिकित्सा संस्थानों के प्रतिनिधियों, स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े लोगों और विद्यार्थियों ने भी स्टार्टअप्स द्वारा प्रदर्शित तकनीकों को देखा।

क्लिनिकल समस्याओं के तकनीकी समाधान पर जोर

सेंटर फॉर मेडिकल इनोवेशन का उद्देश्य चिकित्सा क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं की पहचान कर डॉक्टरों, मेडिकल संस्थानों, इंजीनियरों, शोधकर्ताओं और उद्यमियों के सहयोग से तकनीकी समाधान विकसित करने की दिशा में काम करना है। CMI की ओर से स्टार्टअप्स को क्लिनिकल मेंटरशिप, तकनीकी एवं क्लिनिकल वैलिडेशन, चिकित्सा विशेषज्ञों का मार्गदर्शन और संस्थागत सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

CMI के अनुसार मेडिकल इनोवेशन को केवल तकनीक विकसित करने तक सीमित रखने के बजाय उसे वास्तविक क्लिनिकल जरूरतों से जोड़ना जरूरी है। इसी उद्देश्य से स्टार्टअप्स को चिकित्सा विशेषज्ञों और संस्थागत स्तर पर आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।

हेल्थकेयर इनोवेशन को उद्योग और बाजार से जोड़ने का प्रयास

UPITS 2026 में CMI GIMS की भागीदारी के माध्यम से उत्तर प्रदेश में विकसित हो रही मेडिकल टेक्नोलॉजी और हेल्थकेयर इनोवेशन को व्यापक मंच मिल रहा है। ट्रेड शो में उद्योग, निवेशकों, चिकित्सा संस्थानों और स्टार्टअप्स के बीच संवाद से तकनीकी सहयोग और संभावित साझेदारी के अवसर सामने आ रहे हैं।

CMI GIMS का फोकस क्लिनिकल केयर, मेडिकल रिसर्च, इनोवेशन, इन्क्यूबेशन और उद्यमिता के बीच बेहतर समन्वय विकसित करने पर है। संस्थान का प्रयास ऐसा इकोसिस्टम तैयार करना है, जिसमें चिकित्सा क्षेत्र की जरूरतों की पहचान से लेकर तकनीकी समाधान विकसित करने और उन्हें मरीजों तक पहुंचाने की प्रक्रिया को मजबूत किया जा सके।

UPITS 2026 में 10 हेल्थकेयर स्टार्टअप्स की भागीदारी से इन तकनीकों को उद्योग जगत, चिकित्सा क्षेत्र और संभावित सहयोगियों के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिला है। CMI के अनुसार ऐसे मंच मेडिकल इनोवेशन को संस्थागत सहयोग, उद्योग और बाजार से जोड़ने में उपयोगी साबित हो सकते हैं।

Post a Comment

0Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Post a Comment (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top