प्रदीप कुमार पाण्डेय।
गाजीपुर। जनपद के मुहम्मदाबाद दिवानी न्यायालय में आज नव निर्मित चार कक्षीय न्यायालय भवन का उद्घाटन माननीय न्यायमूर्ति श्री प्रकाश पाडिया (प्रशासनिक न्यायमूर्ति, गाजीपुर) द्वारा माननीय उच्च न्यायालय इलाहाबाद के निर्देश पर किया गया। इस भव्य उद्घाटन समारोह में न्यायपालिका और अधिवक्ता समुदाय की महत्वपूर्ण उपस्थिति ने इस आयोजन को और भी गौरवान्वित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला न्यायाधीश माननीय धर्मेंद्र कुमार पाण्डेय ने की। इस अवसर पर सेन्ट्रल बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष आलोक कुमार राय ने न्यायालय के हित में कई महत्वपूर्ण मांगें प्रस्तुत की, जिनमें अतिरिक्त जिला जज न्यायालय, सिविल जज सीनियर डिवीजन न्यायालय और फैमिली न्यायालय की स्थापना शामिल हैं। इसके अलावा, बार भवन के निर्माण के लिए न्यायालय परिसर में भूमि आवंटन की भी मांग की गई।
उद्घाटन समारोह में मुहम्मदाबाद के माननीय न्यायधीशों और प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति रही, जबकि कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए उपजिलाधिकारी और पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद थे।
इस अवसर पर जिला न्यायाधीश ने न्यायालय और अधिवक्ताओं के हित में नई सुविधाओं के निर्माण और आवश्यक सुधारों को लागू करने का संकल्प लिया, ताकि क्षेत्रीय न्याय व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा सके और आम जनता को शीघ्र एवं सरल न्याय मिल सके।

